loading

Get In Touch With Us

    गर्मी की शुरुआत हो गई है और साथ ही गर्मी में होने वाली बीमारियां भी अपना चेहरा दिखाने लगी हैं| गर्मी की बीमारियां वायरस और बैक्टीरिया दोनों ही कर सकते हैं| वायरस और बैक्टीरिया ठण्ड के मौसम में कम तापमान होने की वजह से सुप्तावस्था में चले जाते हैं और गर्मी शुरू होते ही पनपने लगते हैं| ये खाने पीने की चीजों में ज्यादा पनपते हैं और साथ साथ उसमें टाकसिन छोड़ते हैं| ये दूषित खाना जिसमें कि बैक्टीरिया और वायरस पनप चुके होते हैं, हम खाते ही बीमार पड़ जाते हैं| गर्मियों की मुख्य बीमारियां होती हैं, उल्टी, दस्त, जौंडिस (Jaundish), टाइफाइड, वायरस फीवर इत्यादि| बरसात शुरू होते ही मच्छर, मक्खी पनपने लगते हैं जिससे मलेरिया और डेंगू का प्रकोप बढ़ जाता है|

    आईये समझें संछिप्त में कैसे गर्मी कीबीमारियों से बचें| गर्मी की ज्यादातर बीमारियां खाने पीने की चीजों की वजह से होती हैं| इसलिए खाने पीने के एतिहात से ही उनसे बचा जा सकता है| पानी उबला पीयें| RO, Aquaguard filter ये बेकार हैं इसका कोई इस्तेमाल नहीं हैं| रात को फैमिली के साइज़ के अनुसार पानी उबालें और पानी को ठंडा करके सुबह हल्के कपड़े से छान लें और उसको फ्रिज में रख दें या फिर एक बोतल फ्रिज में और एक बोतल बाहर रख दें और बाद में मिलाकर पियें, शीतलता भी मिलेगी और पानी भी वायरस और बैक्टीरिया रहित मिलेगा| बाहर का खाना न खाएं क्योंकि बाहर जो भी व्यक्ति खाना बना रहा है उसकी हाइजीन पर हमारा कोई भी जोर नही है| हमारी कानून व्यवस्था भी उसे कन्ट्रोल नहीं कर पाती है| गंदे हाथों से पकाये गये खाने में बैक्टीरिया पनपेगा, कई घंटों का रखा हुआ खाना वो आपको सर्व करेंगे वह वायरस और बैक्टीरिया से दूषित हो चुका होता है और साथ ही दावत और शादी के खाने में भी यही हाल होता है| इसलिए शादी और दावत के खाने से भी परहेज करें| घर का बना ताज़ा खाना खाएं| खाना बने तो एक घंटे के अन्दर ही खा लिया जाए|

    राय तो यह है कि बचा हुआ खाना फ्रिज में न रखें, फ्रिज में रख कर दूसरे दिन खाने से हम बीमार पड़ जाते हैं क्योंकि बिजली आंख मिचौली खेलती है और गर्मियों में हम लोगों को पानी के लिए फ्रिज बार बार खोलना पड़ता है तो ये खाना भी वायरस और बैक्टीरिया से दूषित हो जाता है| संछिप्त में हाथ धोये बार बार, हेल्थ हाईजीन का ख्याल रखें, खाना ताज़ा खाएं और पानी उबला पियें| गर्मी की इन बीमारियों से आप सुरक्षित रहेंगे|

    15 अक्टूबर से 15 फ़रवरी तक आप बाहर का कुछ खा सकते हैं| उसके बाद आप बाहर का कुछ न खाएं, और खाना ताज़ा खाएं| टीकों से भी कुछ बीमारियों से बचा जा सकता है|  जैसे टाइफाइड का एक नया टीका आया है जो कि एक टीका और ६ महीने में दूसरा टीका लगवाने से टाइफाइड से बचत हो सकती है| ये टीका जरुर लगवाएं|

    लू लगना – जब हम तेज धूप में निकलते हैं तो हमारा शरीर गर्म हो जाता है जिससे हमारे फेफड़े और त्वचा तेजी से वाष्प छोड़ते हैं जिसके कारण हमारे शरीर में पानी की कमी हो जाती है और हमारा thermostat (थर्मोस्टेट) बिगड़ जाता है और बुखार आता है जिसे हम लू लगना कहते हैं| तेज गर्मी में बाहर न निकलना ही उचित रहेगा|

    गर्मी के कपड़े – गर्मियों में हल्के सूती (pure cotton) कपड़े, हल्के रंग के कपडे पहने| मोटे सिन्थेटिक कपड़े और जींस इत्यादि पहनने से शरीर से पसीना वाष्पित नहीं हो पाता है और शरीर को ठंडा करने की प्रक्रिया में बाधा पहुंचती है – इससे भी अस्वस्थता का भान होता है|